वेद क्या है? विश्व सनातन धर्म में आपका हार्दिक स्वागत। तो बंधु आज मैं आपको संक्षेप में बताता हूं वेद वास्तविक रूप से है क्या। वेद शब्द की उत्पति संस्कृत भाषा की विद् धातु से हुई है। विद् का तात्पर्य होता है जानना अर्थात ज्ञान। वेद हिंदू धर्म के प्राचीन पवित्र ग्रंथ माने जाते हैं। मान्यतानुसार प्राचीन समय में भगवान ने ऋषियों को अप्रत्यक्ष(समाधी में) रूप से वेद मंत्र सुनाये थे। इसी कारण वेदों को श्रुति भी कहा गया है। वेद भारतीय संस्कृति के वे ग्रन्थ हैं, जिनमे ज्योतिष, गणित, विज्ञान, धर्म, औषधि, प्रकृति, खगोल शास्त्र आदि लगभग सभी विषयों से सम्बंधित ज्ञान का भंडार भरा पड़ा है । वेद हमारी भारतीय संस्कृति की रीढ़ हैं । इनमे अनिष्ट से सम्बंधित उपाय तथा जो इच्छा हो उसके अनुसार उसे प्राप्त करने के उपाय संग्रहीत हैं । वेदों को अनन्त भी कहा गया है:- श्रुति भगवति बतलाती हैं ‘ अनन्ता वै वेदा: ’ अर्थात जो अनंत हैं वही वेद हैं। वेद का अर्थ है ज्ञान और ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती वह अनंत होता है इसलिये वेद भी अनंत हैं।